घिरथोली में भारी बारिश से मकान ढहा

धर्मशाला/बैजनाथ। सोमवार को धर्मशाला शहर में पूरा दिन बारिश जारी रही। इससे छात्रों, कर्मचारियों को ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ा। जिले के निचले इलाकों में भारी बारिश से मार्गों पर जगह-जगह ल्हासे और पत्थर गिरे। इससे यातायात भी प्रभावित हुआ। वहीं बैजनाथ उपमंडल के गांव घिरथोली में भारी बारिश में एक स्लेटपोश मकान ढह गया। आईआरडीपी से संबंधित प्रभावित परिवार ने गांव में ही अपने रिश्तेदारों के यहां शरण ली है। जानकारी के अनुसार घिरथोली गांव के चुहडू़ राम का मकान सोमवार को भारी बारिश में ढह गया। पहले मकान का पिछला हिस्सा ढहा। ऐसे में तमाम परिवार के सदस्य घर से बाहर आ गए। बारिश जारी रही। ऐसे में मकान का बाकीहिस्सा भी ढह गया। घर के अंदर रखा सामान मलबे में दब गया। चुहडू़ राम के अनुसार उसे दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। संबंधित पटवारी ने मौका कर नुकसान का आकलन कर दिया है। हालांकि, पटवारी ने अभी तक नुकसान की रिपोर्ट आलाधिकारियों को नहीं सौंपी है।
एसडीएम ओपी ठाकुर ने बताया कि प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवार को पांच हजार रुपये की फौरी सहायता दी गई है। एक तिरपाल भी दिया गया है। भारी बारिश के कारण चुहडू राम का मकान ढहा है।

Related posts