
भराड़ी (बागेश्वर)। बाजार में शराब पीकर उत्पात मचाने पर पुलिस ने कपकोट के सहायक खंड विकास अधिकारी (एबीडीओ) और उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। एबीडीओ पर मनमाने ढंग से आपदा राहत सामग्री बांटने का भी आरोप है।
कपकोट ब्लाक के सहायक खंड विकास अधिकारी मोहन सिंह माहरा को विकास भवन से संबद्ध किया गया है। शुक्रवार को वह अपनी कार से भराड़ी बाजार गया था। कार उसका चालक किशन गिरि चला रहा था। पुलिस के अनुसार एबीडीओ शराब के नशे में था और बाजार में उत्पात मचा रहा था। लोगों की शिकायत पर 81 पुलिस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर एबीडीओ को उसके चालक सहित गिरफ्तार कर लिया गया। एबीडीओ पर यह भी आरोप है कि उसने आसपास के गांवों में राहत सामग्री बांटने की बात कहकर सौंग पर्यटक आवास गृह में रखी राहत सामग्री भी अपने कार में भरी थी। एडवोकेट चामू सिंह देवली ने प्रशासन को इसकी लिखित शिकायत दी है।
एसडीएम केएस टोलिया और तहसीलदार मदन सिंह बिरोड़िया ने बताया कि एबीडीओ द्वारा राहत सामग्री उठाए जाने की शिकायत मिली है जिसे कपकोट थाने भेज दिया गया है। कपकोट थाना पुलिस के अनुसार एबीडीओ के खिलाफ शिकायत मिली है जिसकी जांच की जा रही है।
