बेरोजगारों ने दी आमरण अनशन की चेतावनी

पिथौरागढ़। टीईटी (शिक्षण पात्रता परीक्षा) प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन ने इस महीने की आखिरी तारीख तक विशिष्ट बीटीसी की विज्ञप्ति जारी नहीं होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी है। बेरोजगारों ने नियुक्ति में आयु सीमा पार कर रहे बेरोजगारों को प्राथमिकता देने की मांग की है।
नगर के रामलीला मैदान में टीईटी प्रशिक्षित बेरोजगार संगठन के जिलाध्यक्ष हीरा सिंह खड़ायत की अध्यक्षता में हुई बैठक में बेरोजगारों की तमाम समस्याओं पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि इस समय जिले में टीईटी परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके बेरोजगारों की संख्या एक हजार से अधिक है। उसके बाद भी प्रदेश सरकार विज्ञप्ति जारी करने में कोताही बरत रही है। सरकार की इस लापरवाही की वजह से बेरोजगारों को भारी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। सचिव कैलाश चंद ने कहा कि जिले के विभिन्न विद्यालयों में शिक्षकाें के 500 से अधिक पद रिक्त चल रहे हैं। शिक्षक न होनेे का असर पठन-पाठन व्यवस्था पर भी पड़ रहा है। बैठक में मनोज सिंह, पीके जोशी, धर्मेंद्र, गिरीश गिरी, रमेश टम्टा, हरीश थापा, पूनम वर्मा, रेखा चंद, सुमन चंद, ज्योति थापा आदि मौजूद थे।

Related posts