
हल्द्वानी। नवजात की मौत और मां की बच्चेदानी निकालने के मामले में चल रही जांच रिपोर्ट सोमवार को सार्वजनिक हो सकती है। डाक्टरों ने अपनी रिपोर्ट शनिवार को मेडिकल कालेज के प्राचार्य को सौंप दी थी। उधर, एसटीएच के गेट पर धरना जारी है। रविवार को क्रमिक अनशन पर अनिल भट्ट बैठे। पीड़ित परिजनों ने चेतावनी दी है कि आज रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई तो प्राचार्य का घेराव किया जाएगा।
आठ जुलाई को कुसुमखेड़ा निवासी ममता भट्ट के नवजात बच्चे की मौत और ममता की बच्चेदानी निकालने के मामले में करीब एक महीने बाद आज रिपोर्ट सार्वजनिक होने की पूरी संभावना है। हालांकि दोषी डाक्टरों के खिलाफ धरने पर बैठे प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वह छह सूत्रीय मांगें पूरी होने तक आंदोलन पर डटे रहेंगे। रविवार को बरसात के दौरान भी धरना जारी रहा।
