
रुद्रपुर। कृषि विभाग ने कीटनाशक और उर्वरकों की गुणवत्ता परखने को दुकानों में छापे मारे। इस दौरान 12 नमूने लिए। तीन दुकानें बंद पाए जाने पर उन्हें नोटिस भेज दिया गया है।
शासन के निर्देश के क्रम में मुख्य कृषि अधिकारी पीके सिंह की अध्यक्षता में गठित टीम ने बरहैनी, बेरिया दौलत और बांसखेड़ा स्थित कीटनाशक व उर्वरकों की दुकानों में छापेमारी की। इससे दुकानदारों में खलबली मच गई। तीन दुकानदार टीम को करीब आता देख दुकान बंद कर मौके से खिसक लिए। गुणवत्ता में संदेह होने पर कीटनाशक और उर्वरक के छह-छह (कुल 12) नमूने लिए गए। इन्हें जांच के लिए चंडीगढ़ स्थित प्रयोगशाला भेज दिया गया है। जबकि छापेमारी के दौरान दुकान बंद कर भागने वाले तीन दुकानदारों को नोटिस भेज दिया गया है। मुख्य कृषि अधिकारी सिंह ने बताया कि प्रयोगशाला में नमूने अमानक पाए जाने पर दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर कृषि रक्षा अधिकारी वीपी मौर्या, सुधीर पांडे, केडी बैला, जोगीदास राणा आदि मौजूद थे।
