
रुद्रपुर। रेस्क्यू आपरेशन के दौरान लापता रुद्रपुर निवासी पीसीएस अधिकारी के परिजनों की इच्छा पर उन्हें हेलीकाप्टर द्वारा रुद्रप्रयाग ले जाया गया। जबकि शनिवार को हेलीकाप्टर मौसम की खराबी के कारण पुलिस लाइन नहीं पहुंच पाया था।
आवास विकास नई पानी की टंकी निवासी किशन लाल अरोरा के बड़े पुत्र अजय अरोरा अल्मोड़ा में एसडीएम हैं। इन दिनों उनकी ड्यूटी केदारनाथ में आपदा ग्रस्त क्षेत्रों में लगी है। बीते बुधवार को रेस्क्यू आपरेशन के दौरान पानी के तेज बहाव में आकर वह लापता हो गए थे। इस पर उनके परिजनों ने प्रशासन से रुद्रप्रयाग जाने की इच्छा जताई थी। इसके लिए शनिवार को पुलिस लाइन में एसडीएम अरोरा के भाई संजीव अरोरा व राजू गावा को लेने हेलीकाप्टर आने वाला था। लेकिन घंटों इंतजार करने के बाद भी हेलीकाप्टर नहीं पहुंचा। इस पर तहसीलदार एसएस तोमर ने परिजनों को बताया कि मौसम खराब होने के कारण हेलीकाप्टर उड़ान नहीं भर पाया था। इधर रविवार को मौसम साफ होने पर हेलीकाप्टर पुलिस लाइन पहुंच गया। एसडीएम के परिजन हेलीकाप्टर से रुद्रप्रयाग को रवाना हो गए।
