
उत्तरकाशी। जिले के कई हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहने से आपदा प्रभावित इलाकों में हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। गंगोत्री राजमार्ग की हालत बद से बदतर होने के कारण अलग-थलग पड़े क्षेत्रों की समस्याएं बढ़ती जा रही हैं।
शनिवार की रात हुई बारिश से बंदरकोट और बड़ेथी के पास भूस्खलन से गंगोत्री राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। हालांकि बीआरओ ने रविवार को दोपहर से पहले यातायात चालू कर दिया, लेकिन अब भी हल्की बरसात यहां यातायात में बाधा डाल रही है। गंगोरी से गरमपानी के बीच बीआरओ ने राजमार्ग पर यातायात बहाल कर दिया, लेकिन यहां भी भारी जोखिम के साथ वाहन चलाने पड़ रहे हैं। नेताला और हीना के बीच भूस्खलन वाले हिस्से में पहाड़ी काटकर तैयार की गई सड़क दलदल के कारण यहां पैदल ह चलना भी दुभर है। मनेरी से भाटुकासौड़ वाले हिस्से में बीआरओ ने सड़क खोल दी है, पर इससे आगे नौलुणा तक कई जगह सड़क अब भी बंद है। रोजाना हो रही बारिश गंगोत्री हाईवे पर यातायात बहाली के प्रयासों में आड़े आ रही है।
