
नई दिल्ली। कम सैलरी और प्रमोशन नहीं मिलने से नाराज असम रायफल का जवान रविवार सुबह सराय काले खां स्थित हाइटेंशन टावर पर चढ़ गया। दिन भर हाई वोल्टेज ड्रामा चला। शाम को उसे उतारा गया।
पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 11:30 बजे सराय काले खां बस अड्डे के सामने किसी शख्स के हाईटेंशन टावर पर चढ़े होने की सूचना मिली। जवान करीब 200 फुट ऊंचे टावर की चोटी पर चढ़ा था। तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। जब लाउडस्पीकर से युवक से नीचे उतरने के लिए कहा गया तो वह नीचे कूदने की धमकी देने लगा। मौके पर हाइड्रॉलिक क्रेन को बुलाकर उसके पास पहुंचने की कोशिश की गई। उसने अपनी पदोन्नति न होने की बात की। इस बीच युवक ने एक फाइल सौंपते हुए दमकल और पुलिस के अधिकारियों से असम रायफल के वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने की मांग की। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने फौरन असम रायफल के अधिकारियों से संपर्क किया। शाम करीब 6:00 बजे अधिकारी वहां पहुंचे। पदोन्नति और सैलरी बढ़वाने का आश्वासन देने के बाद युवक को करीब 6:30 बजे क्रेन की मदद से नीचे उतारा गया। पुलिस ने युवक को असम रायफल के अधिकारियों को सौंप दिया।
