
नई दिल्ली। आनंद विहार निवासी समरेश कुमार ने दिसंबर 2011 में आधार का पंजीकरण कराया था। डेढ़ साल बीतने के बाद उन्हें न तो आधार नंबर मिला और न ही कार्ड। इस दौरान उनकी पंजीकरण स्लिप भी गुम हो गई। यह समस्या अकेले समरेश की नहीं, दिल्ली में हजारों लोगों की है। अब ऐसे लोगों के लिए 45 स्थायी आधार पंजीकरण केंद्रों पर नंबर ढूंढने की सुविधा जल्द मिलने वाली है। अभी सिर्फ जनपथ होटल में बने आधार पब्लिक ग्रीवांस सेल से ही यह जानकारी मिल पाती थी। दरअसल, आधार का स्टेटस जानने के लिए अभी ऑनलाइन सुविधा तो है, मगर उसे वही देख सकता है जिसके पास पंजीकरण स्लिप हो। क्योंकि उसके लिए पंजीकरण नंबर, तारीख, समय समेत अन्य जानकारी देनी होती है। उसके बाद ही ई-आधार डाउनलोड किया जा सकता है। दिल्ली में बहुत से ऐसे लोग हैं, जिन्होंने पंजीकरण तो करा लिया है, मगर अभी तक आधार नंबर जनरेट नहीं हुआ और उनकी पंजीकरण स्लिप भी खो गई। अधिकारियों के मुताबिक, अप्रैल 2012 से पहले पंजीकरण कराने वालों का डाटा किसी तकनीकी खराबी के कारण करप्ट हो गया था, इसलिए यह समस्या है। ऐसे लोग जब आधार सेंटर पर जाते हैं तो उनका न तो दोबारा पंजीकरण किया जाता है, न ही सही जानकारी मिल पाती है।
ऐसे लोगों की समस्या को देखते हुए राजधानी में 45 स्थायी सेंटर पर खोले गए हैं। यहां लोग अपना स्टेटस जानने के साथ जरूरत पड़ने पर दोबारा पंजीकरण भी करा पाएंगे। ये स्थायी सेंटर ज्यादातर एसडीएम और जिला उपायुक्त कार्यालयों में खोले गए हैं।
दिल्ली की आबादी 1.67 करोड़
आधार पंजीकरण 1.53 करोड़
—
ऐसे देखें ई-आधार
1- eaadhaar.uidai.gov.in/eDetails.aspx वेबसाइट पर जाकर अपने पंजीकरण स्लिप में दी गई सूचना दें। अगर आधार बन गया है तो वह स्क्रीन पर दिख जाएगा। अगर नहीं हुआ तो संबंधित सूचना आएगी।
2- टोल फ्री नंबर 18003001947 पर भी जानकारी ले सकते हैं।
