
अर्की (सोलन)। जिले भर में पंद्रह अगस्त तक बैंक अकाउंट और आधार कार्ड नंबर रसोई गैस एजेंसी में जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं की रसोई गैस की सप्लाई रुक सकती है। गैस एजेंसियों के प्रभारियों की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त सोलन मदन चौहान ने यह निर्देश दिए हैं।
केंद्र की डायरेक्ट कैश सब्सीडी योजना के तहत रसोई गैस एजेंसियों के तहत पंजीकृत उपभोक्ताओं को अब आधार कार्ड नंबर दर्ज किए बगैर गैस की आपूर्ति नहीं हो पाएगी। बैठक में बताया गया कि जिन उपभोक्ताओं के आधार कार्ड बन चुके हैं, वे शीघ्र अपने आधार कार्ड का नंबर अपने बैंक अकांउट तथा गैस एजेंसी कार्यालय में दर्ज कराएं।
बैठक में सभी रसोई गैस उपभोक्ताओं से आधार की अनिवार्यता के बारे में जागरूक करने का निर्णय लिया गया है। अर्की गैस एजेंसी प्रभारी ऋतु राज शर्मा ने बताया कि 15 अगस्त आधार जमा कराने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
जिला के सोलन, बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़, धर्मपुर, कसौली, अर्की, कंडाघाट आदि क्षेत्रों में करीब एक लाख से अधिक घरेलू और व्यवसायिक गैस कनेक्शन हैं। आधार कार्ड का नंबर और बैंक अकाउंट का नंबर जमा करवाने वालों की गति बेहद धीमी है। इसे गैस एजेंसियों की ढीलाई कहें या ग्राहकों की सुस्ती, लेकिन केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी डायरेक्ट कैश ट्रांसफर स्कीम में यह रोड़ा बन सकती है।
