
बद्दी (सोलन)। औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला के उद्योग में कार्यरत एक कामगार की संदिग्ध हालत में मौत हो गई है। ड्यूटी के दौरान कामगार अचानक गायब हो गया। बाद में छानबीन के बाद कूलिंग टैंक में युवक का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ भेजा है। परिजनों ने किसी पर कोई शक नहीं जताया है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट भी नहीं मिला है।
पुलिस के अनुसार हरियाणा के नरायणगढ़ जिले के करयाना गांव का रहने वाला रणदीप (19) बुरांवाला में एक कंपनी में अपने बड़े भाई अशोक कुमार के साथ काम करता था। दोनों पंचकूला में रहते थे। शनिवार की रात को रणदीप की ड्यूटी 9 रात्रि से सुबह 2 बजे तक थी। रणदीप का बड़ा भाई करीब 1 बजे पंचकूला के लिए रवाना हो गया।
इस बीच इसी कंपनी में काम करने वाले धर्मराज व जितेंद्र कुमार आए, लेकिन उन्हें रणदीप सिंह फैक्टरी में नहीं मिला। उन्होंने इसकी सूचना उसके बड़े भाई अशोक कुमार को दी। सूचना मिलते ही अशोक कुमार वापस बुरांवाला स्थित कंपनी में पहुंचा। पूरी फैक्टरी में उसकी छानबीन की, लेकिन कहीं पर नहीं मिला।
बाद में उसकी एक चप्पल कुलिंग टायर टैंक के समीप मिली। इस टैंक में पानी के साथ ताड़ का तेल भरा था। करीब साढ़े सात फीट टैंक में कामगारों ने रणदीप को खोजा को उसका शव मिल गया। फैक्टरी संचालकों ने इसकी सूचना बरोटीवाला पुलिस को दी।
एसपी अरूल कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेने के बाद पोस्टमार्टम के लिए नालागढ़ चिकित्सालय भेज दिया है। पुलिस की ओर से 174 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
