
नाहन (सिरमौर)। जिला सेवा निवृत्त पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक संघ की बैठक का आयोजन रविवार को किया गया। बैठक में राज्य सरकार के वित्त विभाग कार्यालय से भेजे ज्ञापन बारे विस्तार से चर्चा की गई। इस ज्ञापन को वित्त विभाग की ओर से पूर्व में 21 मई 2013 को पेंशनधारकों के लिए संशोधित किया गया था।
सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने राज्य सरकार से मांग की है कि पेंशनधारकों के लिए जो वित्तीय लाभ पूर्व में एक अप्रैल 2013 से लागू किया था उसे एक जनवरी 2006 से लागू किया जाए।
बैठक में कहा गया कि 21 मई 2013 को जारी किए गए आदेश पूरी तरह से दोषपूर्ण है। जिला सेवा निवृत्त पेंशनर्स एवं वरिष्ठ नागरिक संघ ने साफ तौर पर कहा है कि ऐसा नियम सेवा निवृत्त पेंशनरों के साथ एक अन्यायपूर्ण कदम होगा। बैठक के दौरान सरकार से मांग की गई कि राज्य सरकार एक जनवरी 2013 से 5 प्रतिशत डीए की किस्त को केंद्र सरकार के अनुसार शीघ्र लागू करें।
इसके अलावा सेवा निवृत्त कर्मचारियों ने बैठक में नाहन शहर में पेयजल आपूर्ति बार-बार बाधित होने तथा नगर परिषद की ओर से शहर में सफाई व्यवस्था को लेकर बरती जा रही ढील पर भी गहरी चिंता व्यक्त की गई।
इस अवसर पर सेवा निवृत्त संघ के प्रधान रामस्वरूप चौहान के अलावा दलीप सिंह वर्मा, मोहन अत्री, कपिल गौतम, ओमप्रकाश सरीन, रवि दत्त शर्मा, ओम लता कालरा, अशोक विक्रम, किशन सिंह, मनोहर पुरी, मीर चंद, एसके दत्ता, विजय शर्मा, एचएन कपूर, सोहन लाल एवं राजकुमार आदि उपस्थित थे।
