
शिमला। प्रदेश विश्वविद्यालय में बीएससी नर्सिंग के लिए चल रही काउंसलिंग प्रार्थियों और अभिभावकों से लेकर विवि प्रशासन के लिए परेशानी बन गई है। रविवार को काउंसलिंग के लिए विवि परिसर में भारी भीड़ रही। प्रार्थियों को सुबह के शाम तक तो पहले सभागार में स्थान पाने के लिए इंतजार करना पड़ा, जब सभागार में स्थान मिला तो वे काउंसलिंग के लिए लंबे समय तक इंतजार में बैठे रहे। अभिभावक भी प्रार्थियों के साथ भटकते रहे। विवि प्रशासन ने प्रार्थियों की ज्यादा संख्या को देखते हुए परिसर में दुकानों को देर रात तक खुला रखने और बसों की नियमित सेवा देने का फैसला लिया। इससे आने-जाने और खाने में ज्यादा दिक्कत तो नहीं हुई, लेकिन काउंसलिंग के लिए सभी प्रार्थियों के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। विवि के उप कुलसचिव प्रवेश परीक्षा ओपी शर्मा ने कहा कि प्रार्थी ज्यादा होने के कारण परेशानी तो हुई, लेकिन विवि प्रशासन ने अपने स्तर पर प्रार्थियों और अभिभावकों को इससे दूर रखने के लिए हरसंभव कोशिश की।
