एचपीसीए मामले में आज होगी पूछताछ

शिमला। हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन पर केस दर्ज करने के बाद विजिलेंस ब्यूरो ने जांच को गति दे दी है। सोमवार को वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को धर्मशाला के विजिलेंस थाने में तलब किया है। विजिलेंस ने एडिशनल एसपी धर्मशाला और एक इंस्पेक्टर के नेतृत्व में जांच के लिए दो टीमें गठित की हैं। एक टीम इनसे पूछताछ करेगी तो दूसरी टीम इस मामले में जरूरी दस्तावेज एकत्र करेगी।
1 अगस्त की शाम को एचपीसीए पर केस दर्ज के तीन दिन बाद ही विजिलेंस ने जांच को लेकर लाइन ऑफ एक्शन तैयार कर लिया है। किस अधिकारी से कब पूछताछ होनी है, एफआईआर के अनुसार क्या रिकॉर्ड एकत्र करना है और किन बिंदुओं पर जांच होगी, किस अधिकारी से क्या पूछना है, पूरा खाका तैयार कर लिया है। जांच अधिकारियों को इसमें कई प्वाइंट बनाकर दिए गए हैं जिन पर पूछताछ होनी है।
कई आला अधिकारी जांच के दायरे में
एचपीसीए के इस हाई प्रोफाइल मामले की जांच में प्रदेश सरकार के कई आला अधिकारी जांच के दायरे में आ चुके हैं। अब देखने वाली बात यह होगी कि विजिलेंस स्वतंत्र रूप से इस जांच को कैसे आगे बढ़ाती है। इस मामले में खेल, वन, राजस्व विभाग सहित मुख्यमंत्री कार्यालय में तैनात कई अधिकारियों से पूछताछ हो सकती है।
हर बार जुड़ता जाएगा एक और नया पहलू
विजिलेंस सूत्रों के अनुसार मामला जितना पेचीदा है, उतना ही संवेदनशील भी है। ऐसे में उन्हें इस मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच करनी होगी। जैसे जैसे जांच आगे बढ़ेगी जांच में हर बार एक नया पहलू जुड़ता जाएगा। पूछताछ में जो भी सामने आएगा उसी के आधार पर दूसरे आरोपियों से पूछताछ के लिए सवाल तैयार किए जाएंगे।

Related posts