इस बार बारिश ने तोड़ डालीं सड़कें

धर्मपुर (मंडी)। इस बार धर्मपुर क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश ने तबाही मचाई है। इससे विभिन्न विभागों को पच्चीस करोड़ से अधिकनुकसान हुआ है। धर्मपुर लोनिवि मंडल में कुल आकलन 15 करोड़ से ऊपर है। विभाग की सड़कें वर्षा से टूट गई हैं। वहीं, राजस्व विभाग का नुकसान भी आठ करोड़ से अधिक पहुंच गया है। आईपीएच विभाग को भी डेढ़ करोड़ की चपत लगी है।
धर्मपुर क्षेत्र की भरौरी पंचायत के सतरेहड़ गांव में जमीन धंसने से आठ मकान इसकी चपेट में आने से पूरी तरह ध्वस्त हो गए थे और मठी बनवार में तो लोगों ने जो कपड़े पहने थे, वही उनके पास बचे हैं, बाकी सब कुछ भूस्खलन से तबाह हो गया। सभी विभागों के आंकड़ों पर गौर करें तो यह नुकसान 25 करोड़ से अधिक हो सकता है। सबसे ज्यादा नुकसान लोनिवि और राजस्व विभाग को हुआ है। इधर, लोनिवि के अधिशाषी अभियंता अनिल संगराय ने बताया कि विभाग को 15 करोड़ से अधिक नुकसान हुआ है। उपतहसील कार्यालय के कानूनगो राजमल ने बताया कि राजस्व विभाग को आठ करोड़ से ऊपर नुकसान हुआ है। वहीं, आईपीएच विभाग मंडल सरकाघाट के अधिशाषी अभियंता बीएस राणा ने बताया कि विभाग को डेढ़ करोड़ के करीब नुकसान हुआ है।

Related posts