हजारों उपभोक्ताओं को नहीं मिली सस्ती चीनी

सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल के डिपुओं में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत मिलने वाला चीनी का कोटा पिछले दो माह से नहीं मिल रहा है। कई डिपुओं में पिछले तीन माह से चीनी नहीं पहुंची है। सुंदरनगर उपमंडल में 20 हजार के करीब राशन कार्ड धारक हैं। सस्ती चीनी न मिलने से इन उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अगस्त माह त्योहारों का माह है। इस माह ईद, रक्षा बंधन एवं श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व भी होता है। परंतु चीनी न मिलने से अब हजारों उपभोक्ताओं को बाजार में जाकर महंगे दामों पर इसे खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। इससे लोगों में सरकार के प्रति रोष व्याप्त है। सुंदरनगर उपमंडल में बीस हजार राशन कार्ड धारक हैं। जिन्हें हर माह करीब 800 क्विंटल चीनी आवंटित होती है। स्टोर में चीनी न होने के कारण दूरदराज के इलाकों से आने वाले डिपो धारकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। देर से स्टाक मिलने पर उन्हें चीनी ले जाने के लिए अतिरिक्त खर्चा वहन करना पडे़गा। वहीं, डिपूओं में पूरा राशन न मिलने के कारण उपभोक्ताओं की गाज डिपो धारकों पर गिरती है तथा उन्हें उपभोक्ताओं की बातें सुनने पर मजबूर होना पड़ता है। स्थानीय निवासी रमेश ठाकुर, कृष्ण कुमार, रोशन लाल, सुरेंद्र शर्मा, जसबीर कुमार, जितेंद्र कटोच, अमित कुमार, अक्षय कुमार, लीलाधर और प्रताप ने सरकार से मांग की है कि हर माह समय पर राशन का पूरा कोटा उपलब्ध करवाना सुनिश्चित कराया जाए। इधर, खाद्य एवं आपूर्ति तथा उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक बीसी बडालिया का कहना है कि विभाग ने चीनी की खरीद का काम आरंभ कर दिया है। शीघ्र ही सभी डिपुओं में पूरा कोटा भेज दिया जाएगा। जिन उपभोक्ताओं का पिछला कोटा बकाया है, उन्हें भी इस माह के साथ पिछला कोटा प्रदान किया जाएगा।

Related posts