
पालमपुर (कांगड़ा)। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने जो बदले की भावना से राजनीति करने की प्रदेश में परंपरा शुरू की है, उसका खामियाजा जल्द ही उसे भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस की हर चुनौती को स्वीकार करने के लिए तैयार हैं।
पालमपुर में प्रदेश भाजपा के अभ्यास वर्ग के समापन के बाद पत्रकारों से धूमल ने कहा कि प्रदेश सरकार यूपीए की ओर से किए गए बडे़ घोटालों टूजी स्पेक्ट्रम, कोयला तथा कामनवेल्थ गेम्स आदि घोटालों से जनता का ध्यान हटाने के लिए ऐसे मुद्दों को हवा दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बताए कि 2912 नौकरियां बिना कोई अधिसूचना जारी किए तथा वित्त विभाग की अनुमति के बिना चिटों पर कैसे दे दीं। धूमल ने कहा कि कांग्रेस के नेता बताएं कि शिमला का पुराना गजटियर कहां है और किस ने किस कारण से उसे जलाया है। उनके फोन टैप करने को लेकर पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि जब वह अपना फोन उठाते हैं तो पहले से ही उसमें वीप की आवाज आनी शुरू हो जाती है। इससे लगता है कि कोई उनका फोन टैप कर रहा है। लेकिन कोई उनका फोन टैप कर रहा है तो करता रहे। उससे उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता व पार्टी से लेकर कार्यकर्ताओं तक पार्टी का हर संदेश मोबाइल पर देते हैं। उन्हें उनकी बातों को सार्वजनिक करने में कोई आपत्ति नहीं है। इस मौके पर प्रदेश भाजपा महामंत्री विपिन सिंह परमार, रणधीर शर्मा, गणेश दत्त शर्मा, नरेंद्र बरागटा, हिमांशु शर्मा, अरविंद शर्मा समेत कई लोग मौजूद रहे।
