एबीपीवी की भूख हड़ताल जारी

ऊना। एबीवीपी कार्यकर्ताओं की क्रमिक भूख हड़ताल तीसरे दिन में प्रवेश कर गई है। रविवार को परिषद के चार कार्यकर्ता भूख हड़ताल पर बैठे। एबीवीपी के पूर्व इकाई अध्यक्ष जसविंद्र मोनू ने बताया कि बीती रात 11 बजे महाविद्यालय के कुछ प्राध्यापक भूख हड़ताल पर बैठे कार्यकर्ताओं से मिलने आए तथा उन्हें डराने का प्रयास किया। रात को कालेज से निलंबित छात्र भी भूख हड़ताल पर बैठे कार्यकर्ताओं के साथ बैठे थे, जिन्हें रात को ही कालेज से बाहर निकाल दिया गया। जसविंद्र ने उपायुक्त एवं एसपी से मांग की है कि भूख हड़ताल पर बैठे कार्यकर्ताओं को पुलिस प्रोटेक्शन दी जाए। जिस प्रकार कुछ प्राध्यापकों ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं को डराया है, हो सकता है कि कालेज प्राध्यापक एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर भूख हड़ताल पर बैठे कार्यकर्ताओं पर हमला न करवा दें। जसविंद्र ने कहा कि कालेज प्रशासन खुद ही माहौल खराब करना चाहता है, इसलिए निलंबित छात्रों के प्रति अभी भी कोई नरम रवैया नहीं अपना रहा है। जसविंद्र ने आरोप लगाया कि कालेज प्रशासन स्वयं नहीं चाहता कि छात्र बहाल हों क्योंकि जो निलंबित छात्र हैं, उनके पास वर्तमान में छात्र संगठन के दायित्व हैं और उनके निलंबित होने से एबीवीपी के कार्यकर्ता डर गए हैं। जसविंद्र मोनू ने कहा कि कांग्रेस के एजेंट प्राध्यापक अपने नंबर बनाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं का निलंबन के नाम पर मानसिक शोषण किया जा रहा है। जसविंद्र ने कहा कि सोमवार दोपहर बारह बजे तक यदि निलंबित छात्रों को बहाल नहीं किया गया तो निलंबित छात्र क्रमिक भूख हड़ताल पर न बैठकर निरंतर भूख हड़ताल पर बैठेंगे। जसविंद्र ने कहा कि उन्हें आशा है कि जिस प्रकार जिला प्रशासन स्वयं छात्रों के हक में आकर कालेज को नोटिस भेज रहा है तो शीघ्र ही इसका हल निकल आएगा।

Related posts