
पिथौरागढ़। पपदेव में शुक्रवार की रात बादल फट गया। बादल फटने से एक मकान में भारी मात्रा में मलबा घुस गया। इसके अलावा खेत में भी कटाव हुआ। राजस्व और आपदा नियंत्रण विभाग की टीम ने शनिवार को मौका मुआयना किया। राजस्व विभाग ने पड़ित परिवार को आठ हजार रुपये की मदद की।
पिथौरागढ़ में बीती रात 17 एमएम बारिश हुई। पपदेव में रात करीब 12.30 बजे बादल फट गया। जिला आपदा नियंत्रण अधिकारी आरएस राणा ने बताया कि बादल फटने से तेजी से बारिश का पानी और मलबा आ गया। शंकर वर्मा का तीन मंजिला मकान प्रभावित हुआ। मकान की सबसे निचली मंजिल में खिड़की से काफी मात्रा में मलबा घुस गया। इस मंजिल में किसी के नहीं रहने से कोई हादसा नहीं हुआ। मगर एकाएक हुई इस घटना से मकान में रह रहे लोगों में हड़कंप मच गया।
शनिवार सुबह तहसीलदार एमएस नयाल और जिला आपदा नियंत्रण अधिकारी आरएस राणा ने दलबल के साथ मौका मुआयना किया। विभाग ने बचाव के प्रबंध करने का भरोसा दिलाया। साथ ही एहतियाती कदम उठाने की भी परिवार के लोगों को नसीहत दी। तहसीलदार नयाल ने बताया कि तात्कालिक मदद के तौर पर 8 हजार रुपये की सहायता दी गई है। साथ ही निकासी के लिए नाली बनाई जा रही है। मकान में आई दरार का तकनीकी टीम के जरिए आकलन किया जाएगा। उधर बडारी गांव में प्रद्युम्मन सिंह के मकान की दीवार टूट गई। साथ ही एक गाय की भी मौत हो गई।
