कांग्रेस ने चुनाव जीता नहीं ‘छीना’

नई टिहरी। भाजपा ने जिला सहकारी बैंक प्रबंध समिति के चुनाव में कांग्रेस पर संविधान विरोधी काम करने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि कांग्रेस ने निदेशक मंडल का चुनाव जीता नहीं बल्कि सत्ता के बल पर छीना है। पार्टी अंतिम प्रकाशन सूची जारी होने के बाद नरेंद्रनगर का चुनाव स्थगित करने के मामले को लेकर न्यायालय में चुनौती देगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद सुयाल ने पत्रकारों से वार्ता में कहा कि कांग्रेस ने सहकारिता चुनाव में सत्ता का दुरूपयोग किया है। अपनी हार-जीत को देखते हुए चुनाव कार्यक्रम तय करवाया। पहले चुनाव हारने के भय से आपदा का बहाना बनाकर सरकार ने मानसून सत्र के बाद चुनाव कराने की बात कही, इस बीच खरीद-फरोख्त कर ली और चुनाव कार्यक्रम घोषित कर दिया। उन्होंने प्रशासन पर नरेंद्रनगर के विधायक सुबोध उनियाल के दबाव में गैर कानूनी तरीके से नरेंद्रनगर का चुनाव स्थगित करने का आरोप लगाया। कहा कि इसके लिए अंतिम सूची का प्रकाशन और सिंबल भी आवंटित कर दिया गया था। उन्होेंने कांग्रेस नेताओं पर मतदाताओं का अपहरण का भी आरोप लगाया। साथ ही कहा कि पार्टी विरोधी काम करने वाले भाजपा पदाधिकारियों का जांच कर निलंबन किया जाएगा। इस मौके पर रघुवीर पंवार, उत्तम कठैत, धन सिंह नेगी, टीकाराम उनियाल, संजय नेगी, नीरज खत्री, सुभाष रमोला और संदीप आदि मौजूद थे।

Related posts