1050 ग्राम चरस के साथ एक बंदी

कपकोट। भराड़ी बाजार की एक दुकान से पुलिस ने एक किलो 50 ग्राम चरस बरामद की है। इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
भराड़ी बाजार में अवैध चरस बिकने की शिकायतें लंबे समय से मिल रही थी। पुलिस को इस गोरखधंधे में लिप्त लोगाें की तलाश थी। इस बीच बलवंत सिंह उर्फ बाली सेठ की दुकान में अवैध चरस होने की सूचना मिली। शनिवार की सुबह 11.30 बजे तहसीलदार मदन सिंह बिरोड़िया और थानाध्यक्ष केएस रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दुकान में छापा मारा। बाली सेठ की यहां जूते की दुकान और तेल पिराई की मशीन है। दुकान के अंदर एक किलो 50 ग्राम चरस रखी हुई थी। चरस बरामद करके अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ 8/20 मादक पदार्थ अधिनियम में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार वह गांवों से चरस खरीदकर दुकान में बेचा करता था। अभियुक्त को अदालत में पेश किया जाएगा। इससे पहले भी पुलिस उच्च हिमालयी क्षेत्र से काफी मात्रा में चरस बरामद कर चुकी है। पुलिस के अनुसार कुछ लोग ठंडे इलाकों से चरस खरीदकर स्थानीय बाजारों में बेचते हैं। इसके अलावा मैदानी क्षेत्रों को भी चरस भेजी जाती है। अवैध चरस बरामद करने के लिए आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

Related posts