
ग्रेटर नोएडा। एसडीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के निलंबन और अदालत द्वारा खनन पर कार्रवाई की रिपोर्ट मांगने के बाद सरकारी तंत्र सक्रिय हो गया है। पुलिस ने 28 जुलाई से अब तक 28 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है, जबकि कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 27 जुलाई की रात को एसडीएम दुर्गा शक्ति नागपाल के निलंबन की कार्रवाई हुई थी। इसके बाद से पुलिस ने खनन माफिया के खिलाफ कार्रवाई करनी शुरू कर दी। 28 जुलाई को ग्रेनो पुलिस ने 17 वाहनों को पकड़ा था। 29 जुलाई को तीन डंपर और इसके बाद अब तक करीब आठ वाहनों को और सीज किया जा चुका है लेकिन इसके बावजूद खनन माफिया का काम जारी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक एसडीएम दुर्गा शक्ति नागपाल ने जब-जब पुलिस की मदद ली, तब उनका खनन माफिया के खिलाफ अभियान विफल रहा था। ऐसे में उन्होंने और खनन निरीक्षक ने एसएसपी डॉ. प्रितिंदर सिंह से कहकर पुलिस लाइन से फोर्स मांग लिया था। मौके पर फोर्स के साथ पहुंचकर दुर्गा शक्ति कार्रवाई करती थीं। दरअसल, जिन थाना क्षेत्रों से होकर बालू की अवैध गाड़ी गुजरती थी। आरोप है कि उन्हीं थानों को खनन माफिया पूरे माह का पैसा देते हैं, जिससे खनन माफिया के हौसले बुलंद हो गए। पुलिस के संरक्षण के चलते धंधा खूब फल-फूल रहा है। वहीं एसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने कहा कि खनन माफिया को पुलिस का संरक्षण नहीं है, बल्कि पुलिस उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।
