एसईई: बीटेक की 26 हजार सीट अलॉट

नोएडा। प्रदेश के 300 इंजीनियरिंग कॉलेजों में बीटेक एडमिशन के लिए सिर्फ 26 हजार सीट अलॉट हुई हैं। महामाया और गौतमबुद्ध टेक्निकल यूनिवर्सिटी (एमटीयू-जीबीटीयू) के सरकारी और निजी कॉलेजों में एडमिशन के लिए हुई यूपी राज्य प्रवेश परीक्षा (एसईई) की काउंसलिंग शनिवार को खत्म हो गई। इस पूरी प्रक्रिया के बाद दोनाें यूनिवर्सिटी से जुड़े प्रदेश भर के इंजीनियरिंग कॉलेजों में 98 हजार सीट खाली रह गई हैं, जिन पर दाखिले केंद्रीय प्रवेश समिति (कैब) के निर्णय पर होंगे। जीबीटीयू ने शनिवार को सीट अपग्रेडेशन राउंड में बीटेक के नतीजे घोषित कर दिए हैं। इनमें एमटीयू-जीबीटीयू के कॉलेजों में एसईई की रैंकिंग पर 24 हजार एक सौ छात्रों को उनकी पसंद की सीट दी गई हैं। इनमें से 3500 छात्र ऐसे हैं जो फ्री सीट हासिल करने में कामयाब हो गए हैं। इन छात्रों के अभिभावकों की सालाना आमदनी 4.5 लाख रुपये तक है। फ्री सीटें कॉलेजों की कुल सीटों के ऊपर 5 फीसदी अतिरिक्त सीटों पर दी गई हैं। इसके अलावा जेईई मेन की रैंकिंग के जरिये 1900 छात्रों को सीट अलॉट की गई हैं। अपग्रेडेशन रिजल्ट के बाद काउंसलिंग वेबसाइट पर सीट अलॉटमेंट लेटर जारी कर दिए हैं। छात्रों को अपने लेटर डाउनलोड करने होंगे। इसके आधार पर ही संबंधित कॉलेज में एडमिशन मिलेगा।

नोएडा-ग्रेनो के कॉलेजों की स्थिति
एसईई काउंसलिंग में नोएडा-ग्रेनो के 25 इंजीनियरिंग कॉलेजों की 16 हजार सीटों पर मात्र 5013 सीट अलॉट हुई हैं। इनमें से 4505 सीट एसईई रैंकिंग पर अलॉट हुई हैं जिनमें से 669 छात्रों ने फ्री सीट पर अलॉटमेंट लिया है। इसके अलावा 508 सीटें जेईई मेन की रैंकिंग पर अलॉट की गई हैं।

दाखिले 12 अगस्त तक
सीट अपग्रेडेशन के इन नतीजों के बाद अब फ्रेश अलॉटमेंट कराने वाले छात्रों को 8 अगस्त तक डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन सेंटर पर 10 हजार रुपये जमा कर सीट पक्की करने का समय दिया गया है। सभी छात्रों को 12 अगस्त तक संबंधित कॉलेजों में रिपोर्ट करते हुए अपना दाखिला पक्का करना है।

सात यूनिवर्सिटी को 1856 सीट
एसईई काउंसलिंग के जरिये प्रदेश की बाकी स्टेट यूनिवर्सिटी के इंजीनियरिंग विभाग में भी दाखिलों का प्रावधान है। प्रदेश की सभी 9 यूनिवर्सिटी में एसईई से 1856 सीट अलॉट की गई हैं। जो एमटीयू-जीबीटीयू के कॉलेजों के अतिरिक्त हैं।

Related posts