नए ट्रकों की खरीद पर प्रतिबंध

नए ट्रकों की खरीद पर प्रतिबंध
अर्की (सोलन)। दाड़लाघाट स्थित बाघल लैंड लूजर परिवहन सहकारी सभा में नई गाड़ियों की अनुमति पर प्रतिबंध लग गया है। शनिवार को संपन्न सभा की एक दिवसीय कार्यकारिणी की बैठक के बाद यह फैसला लिया गया है। सभा प्रधान रामकृष्ण शर्मा ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 11सौ से अधिक ट्रकों के बेड़े वाली बाघल लैंड लूजर परिवहन सहकारी सभा में सदस्यों की मांग पर इसी वर्ष अप्रैल माह में नई गाड़ियां खरीदने को प्रतिबंध हटाया गया था। तीन माह के दौरान दर्जनों नए ट्रक खरीद कर सदस्यों ने बाघल लैंड लूजर परिवहन सभा के बेड़े में इजाफा किया है, लेकिन माल ढुलाई में हिस्सेदारी को ध्यान में रखते हुए सभा पदाधिकारियों ने अगले फैसले तक नए ट्रकों की खरीद प्रतिबंध लगा दिया है। मौजूद समय में सभा के अंतर्गत ट्रक आपरेटरों को दिए जा रहे माल ढुलाई कार्य को ध्यान में रख कर ही यह फैसला लिया गया है। 11 सौ से अधिक ट्रकों के बेड़े में सभी ट्रक आपरेटरों को पर्याप्त मात्रा में कार्य मिलना जरूरी है। तभी ट्रक आपरेटर कर्ज की किस्त के अलावा अन्य खर्च वहन कर सकेंगे। बैठक में सभा प्रधान रामकृष्ण शर्मा के अलावा उप प्रधान भागीरथ ठाकुर, महासचिव मनशा राम, कोषाध्यक्ष ज्ञान चंद, सदस्य लायक राम, यशपाल तथा सुरेश ठाकुर आदि मौजूद रहे।

Related posts