ददाहू में स्वास्थ्य विभाग की छापामारी से मचा हड़कंप

ददाहू (सिरमौर)। बरसात के मौसम में तेजी से फैल रही अनेकों विशेषकर जलजनित एवं गले सड़े फल सब्जियों से पैदा होने वाली बीमारियों की रोकथाम को संज्ञान में लेते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। शुक्रवार देर शाम जिला के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अजय कुमार गुप्ता की टीम ने होटलों तथा ढाबों का निरीक्षण कर वहां स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। इसके अलावा भी फल तथा सब्जी बेचने वालों की गुणवत्ता की भी जांच की गई। साथ ही ऐसे दुकानदारों को भी फटकार लगाई गई जो आम लोगों की सुरक्षा दांव पर लगा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कार्रवाई के दौरान यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की कोताही ऐसे मामलों में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बाक्स….
होटलों तथा ढाबों में जलगुणवत्ता बढ़ाने के निर्देश
ददाहू (सिरमौर)। मुख्य चिकित्साधिकारी की टीम ने शुक्रवार देर शाम को ददाहू बाजार सहित आसपास के इलाकों में खाद्य पदार्थों की जांच की। इस दौरान सभी होटलों तथा ढाबों को सख्त आदेश दिए गए कि आमजन की सुरक्षा के लिए वह अपने होटलों में वाटर प्यूरिफायड को लगवाएं। सीएमओ की टीम ने कई दुकानों से मिले गले सड़े खाद्य पदार्थ को मौके पर ही फिंकवाया। जबकि आइसक्रीम की गुणवत्ता को भी परखा। उनके साथ खाद्य निरीक्षक सतीश ठाकुर भी शामिल थे।

Related posts