हिमाचल पुलिस से विनम्रता सीखेगी पंजाब पुलिस

शिमला। हिमाचल पुलिस की विनम्र कार्यप्रणाली से प्रभावित होकर पंजाब पुलिस भी इसे लागू करने पर विचार कर रही है। पिछले दिनों पंजाब के एडीजीपी दिनकर गुप्ता ने पुलिस मुख्यालय का दौरा किया और प्रदेश पुलिस की अपनाई जा रही नई तकनीक से प्रभावित हुए। इसी के मद्देनजर शनिवार को मुख्यालय और स्टेट क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एससीआरबी) से दो पुलिस अधिकारियों को पंजाब भेजा गया।
उक्त अधिकारियों ने प्रदेश पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इनमें प्रमुख रूप से कानून व्यवस्था पोर्टल और क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम शामिल हैं। कानून व्यवस्था पोर्टल के तहत आन लाइन एफआईआर, आनलाइन चालान भरना, वाहनों की जानकारी, विदेशियों की रजिस्ट्रेशन, ट्रैफिक चालान, पुलिस थानों की जीआईएस मैपिंग के अलावा क्राइम एंड क्रिमिनल ट्रैकिंग सिस्टम सहित कई सुविधाएं शामिल हैं। इसके अलावा क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम के तहत पुलिस और कोर्ट के मध्य के जांच से संबंधित डाटा एक्सचेंज करने की सुविधा है।

बॉक्स:
ऑनलाइन डाटा एक्सचेंज करने वाला पहला राज्य
पुलिस का दावा है कि हिमाचल देश की पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां की पुलिस ने डाटा एक्सचेंज सॉफ्टवेयर तैयार किया है। इसके तहत ऑनलाइन डाटा एक्सचेंज करने के अलावा विभिन्न तरीकों से आनलाइन जानकारी उपलब्ध करवाना शामिल है। इसके अलावा हर पहलुओं से हिमाचल पुलिस को हाईटेक बनाने के लिए 100 फीसदी कंप्यूटराइजेशन पर भी जोर दिया जा रहा है। एफआईआर, गिरफ्तारी, फोरेंसिक रिपोर्ट, वाहनों के रिलीज आर्डर, विटनेस रिपोर्ट की ऑनलाइन जानकारी उपलब्ध करवाने में भी प्रदेश पुलिस ने बाजी मारी है।

कोट:
यह पहली बार है जब पंजाब पुलिस हिमाचल पुलिस से टिप्स ले रही है। क्रिमिनल जस्टिस सिस्टम और कानून व्यवस्था प्रोग्राम के तहत हिमाचल पुलिस ने बेहतर कार्य किया है। इससे प्रभावित होकर पंजाब पुलिस ने इस सिस्टम को देखने की इच्छा जाहिर की है।
-संजय कुमार, डीजीपी हिमाचल पुलिस

Related posts