
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने नवनियुक्त पार्टी उपाध्यक्षों और महासचिवों की वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों के लिए संसदीय क्षेत्रवार जिम्मेदारियां तय कर दी हैं। इन सभी को इन निर्वाचन क्षेत्रों में पार्टी को मजबूत बनाने का दायित्व सौंपा है। यह जानकारी कांग्रेस प्रवक्ता नरेश चौहान ने शनिवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि पार्टी उपाध्यक्ष एएन विद्यार्थी को कांगड़ा संसदीय क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है। उनके साथ महासचिव हरभजन सिंह भज्जी, सुंदर ठाकुर और सुनील शर्मा (चंबा) होंगे। मंडी संसदीय क्षेत्र की जिम्मेदारी उपाध्यक्ष हर्ष महाजन को दी गई है। उनके साथ सुनील शर्मा (कुल्लू), विनोद सुल्तानपुरी (लाहौल स्पीति), रवि ठाकुर (मंडी) होंगे। हमीरपुर संसदीय क्षेत्र का दायित्व उपाध्यक्ष चंद्र कुमार को दिया गया है। उनके साथ महासचिव रामलाल ठाकुर को जिला ऊना, अजय महाजन को जिला बिलासपुर, हमीरपुर और सुनील शर्मा को धर्मपुर, देहरा और जसवां परागपुर ब्लॉकों की जिम्मेदारी दी गई है। शिमला संसदीय क्षेत्र का दायित्व उपाध्यक्ष गंगूराम मुसाफिर को मिला है। उनके साथ महासचिव रामलाल ठाकुर जिला शिमला ग्रामीण, हर्षवर्द्धन चौहान जिला सोलन और विनोद सुल्तानपुरी जिला सिरमौर को देखेंगे।
इनके अलावा उपाध्यक्ष गीता नेगी और महासचिव हरभजन सिंह भज्जी को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की बैठकों, ईसी बैठकों और समन्वय की जिम्मेदारी मिली है। उपाध्यक्ष निखिल राजौर और महासचिव सुशीला नेगी सेवादल, इंटक और सभी विभागों की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। उपाध्यक्ष हर्ष महाजन और महासचिव हर्षवर्द्धन चौहान को महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस तथा एनएसयूआई का दायित्व भी दिया गया है। उपाध्यक्ष डा. कैलाश पराशर, महासचिव विनोद सुल्तानपुरी को संचार, प्रचार एवं प्रकाशन और नरेश चौहान स्वयं मीडिया का कार्यभार देखेंगे।
