
चंबा। अंतरराष्ट्रीय मिंजर मेले में जिला प्रशासन की ओर से आधार कार्ड बनाने के लिए स्टाल लगाया गया है। इससे लोगों को काफी सहूलियत मिल रही है। जानकारी के मुताबिक 28 जुलाई से लगाए गए इस स्टाल पर अब तक 400 के करीब लोगों ने अपने आधार कार्ड बनाए हैं। हर दिन यहां पर आधार कार्ड बनाने वालों की भीड़ उमड़ रही है। खासकर ग्रामीणों को आधार कार्ड बनाने मे काफी सुविधा मिल रही है। उल्लेखनीय है कि कुछ माह पहले विभिन्न पंचायतों में आधार कार्ड बनाने का काम शुरू किया गया था, लेकिन छह-छह माह बीत जाने के बाद भी लोगों के आधार कार्ड नहीं पहुंचे हैं। इसके चलते लोगों को दोबारा आधार कार्ड बनाने पड़ रहे हैं। दोबारा आधार कार्ड बनाने के लिए लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने मिंजर मेले में आधार कार्ड बनाने के लिए स्टाल लगाया हैं। आधार कार्ड बनाने वाली कंपनी के सुपरवाइजर अमित कुमार ने बताया कि पिछले सात दिनों में 400 के करीब लोगों के आधार कार्ड बनाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि हर दिन 50 से 60 लोग आधार कार्ड बनाने पहुंच रहे हैं। उन्होंने जिलावासियों से अपील की है कि जिनके आधार कार्ड नहीं बने हैं वे इस सुविधा का लाभ उठाएं।
