
पालमपुर( कांगड़ा)। प्रदेश भाजपा के अभ्यास वर्ग के दूसरे दिन राष्ट्रीय भाजपा महामंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि राजनीति में कार्यकर्ता महत्वपूर्ण होता है। कार्यकर्ता का विकास हमेशा होता रहे। एक अच्छा कार्यकर्ता ही समाज निर्माण में अपना योगदान दे सकता है। ऐसे में भाजपा से जुड़े कार्यकर्ताओं और नेताओं का व्यक्तित्व अच्छा हो, ऐसी अपेक्षा समाज के सभी लोग करते हैं।
लोगों की अपेक्षा भाजपा कार्यकर्ताओं से अन्य किसी भी दल के नेताओं से अधिक रहती है। उन्होंने व्यक्तित्व विकास के महत्वपूर्ण बिंदुओं पर प्रकाश डालते हुए राजनीति में इसकी उपयोगिता के बारे में बताया। इसके अलावा टाइम मैनेजमेंट के महत्व की जानकारी भी दी। प्रदेश भाजपा प्रभारी व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलवीर पुंज ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को टिप्स देते हुए कहा कि आज की राजनीति में मीडिया एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है पर एक राजनैतिक दल को इस बात का ध्यान रखना होगा कि वे अपनी पार्टी के लिए मीडिया का बेहतरीन प्रबंधन करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि उचित व्यक्ति ही उचित बात मीडिया के समक्ष रखे, इससे अनुशासन भी बना रहेगा और पार्टी की सही तस्वीर भी जनता के सामने जा पाएगी। पार्टी के आंतरिक मामलों को मीडिया में ले जाने से आगाह करते हुए उन्होंने कहा कि इसे केवल पार्टी कमजोर होती है।
