स्टॉक गुरु के एजेंट के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल

नई दिल्ली। स्टॉक गुरु घोटाला मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी उल्हास प्रभाकर के कथित एजेंट नरेश कुमार के खिलाफ पूरक आरोप पत्र दाखिल किया है। तीस हजारी अदालत ने आरोप पत्र पर संज्ञान के लिए 16 अगस्त की तारीख तय की है। आरोप पत्र दाखिल करते हुए अभियोजन अधिकारी प्रमोद दुबे ने कहा कि आरोपी नरेश स्टॉक गुरु के लिए काम करने वाला बड़ा एजेंट था। जांच एजेंसी ने छापे के दौरान उसके घर से चार करोड़ रुपये बरामद किए थे। उसे मई 2013 में गिरफ्तार किया गया था। नरेश पर फर्जीवाड़े, आपराधिक साजिश, विश्वासघात व प्राइज चिट फंड व मनी सर्कुलेशन प्रतिबंध एक्ट की धारा 3,4,5 के तहत आरोप हैं। जांच अधिकारी ने अदालत को बताया कि इस मामले में अभी कई गिरफ्तारियां हो सकती हैं। मामले में मुख्य आरोपी उल्हास प्रभाकर व उसकी पत्नी रक्षा जे उर्स को दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने 10 नवंबर 2012 को महाराष्ट्र के रत्नागिरी से गिरफ्तार किया था। इन पर दो लाख निवेशकों को ऊंचे रिटर्न का झांसा देकर करीब 500 करोड़ की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

Related posts