एटीएम से दिनदहाड़े 39 लाख की लूट

नई दिल्ली। मानसरोवर पार्क इलाके में बेखौफ हथियारबंद बदमाशों ने यूनियन बैंक के एटीएम से दिनदहाड़े 39 लाख रुपये लूट लिए। वारदात के समय कर्मचारी एटीएम में कैश डाल रहे थे। सुरक्षाकर्मी ने रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पिस्टल की बट मारकर उसे घायल कर दिया और उसकी बंदूक छीन ली। बदमाश सिल्वर कलर की वैगनआर कार से फरार हो गए। पुलिस ने तफ्तीश शुरू कर दी है हालांकि शुक्रवार देर रात तक पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग पाया था। पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे आईएसएसएसबीबी प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी कड़कड़डूमा से कैश लेकर ईको वैन से ई- ब्लॉक स्थित यूनियन बैंक के एटीएम पहुंचे। दो कर्मचारी आकाश और प्रेम सिंह एटीएम के भीतर चले गए जबकि वैन के पास सुरक्षाकर्मी साहब सिंह (50) और ड्राइवर जीतेंद्र मौजूद था। एटीएम मशीन खोलने के बाद कर्मचारी उसके बॉक्स में रुपये डालने लगे। इसी दौरान तीन युवक वैन के पास पहुंचे। एक ने गार्ड को काबू में किया और उसके सिर पर पिस्टल की बट से वार कर उसकी बंदूक को अपने कब्जे में कर लिया। साहब सिंह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। इस बीच दो अन्य बदमाश एटीएम के भीतर घुस गए और पिस्तौल के बल पर दोनों कर्मचारियों को काबू कर करीब 39 लाख रुपये से भरे बॉक्स को कब्जे में ले लेकर मौके से फरार हो गए।
वारदात को अंजाम देने से पहले ही बदमाशों का एक सहयोगी कार को स्टार्ट करके एटीएम के पास मौजूद था। सभी बदमाश सिल्वर कलर की वैगनआर में सवार होकर फरार हो गए । बदमाशों के भागने के दौरान कर्मचारियों ने शोर मचाया। जिसे सुनकर वहां बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए हालांकि तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और जख्मी साहब सिंह को उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल पहुंचाया। पुलिस लूटपाट का मामला दर्ज कर फरार बदमाशों की तलाश में जुट गई है। पुलिस मामले में शातिर अपराधियों के संलिप्त होने की बात कह रही है साथ ही कर्मचारियों की मिलीभगत होने की जांच भी कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा
स्थानीय निवासी आर के शर्मा ने बताया कि बदमाशों ने अपनी कार एटीएम के ठीक सामने लगा रखी थी। जिसमें एक शख्स ड्राइवर की सीट पर मौजूद था। उसे देखने से लग रहा था कि वह किसी का इंतजार कर रहा है। जबकि तीन अन्य बदमाश एटीएम के अगल-बगल में आम आदमी की तरह खड़े थे। बदमाश तब हरकत में आए जब उन लोगों ने कर्मचारियों को बॉक्स में रुपये जमा करते हुए देखा। उसके बाद तीनों तेजी से एटीएम के पास पहुंचे और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। उसी ब्लॉक में रहने वाली महिला जसप्रीत ने बताया कि सभी अपने काम में व्यस्त थे। अचानक पकड़ो-पकड़ो की आवाज सुनकर सभी बाहर निकले। उन लोगों ने एक कार को काफी तेज रफ्तार से जाते हुए देखा। साथ ही एटीएम के सामने खड़ा गार्ड को जख्मी हालत में पाया।

Related posts