
पिथौरागढ़। राजकीय महाविद्यालय पिथौरागढ़ में इन दिनों प्रवेश परीक्षा चल रही है। हफ्ते के शुरुआती तीन दिन छात्रों को तो हफ्ते के आखिरी तीन दिन छात्राओं को प्रवेश दिए जा रहे हैं। छात्रों की प्रवेश अवधि वाले दिनों में तो शांति बनी रहती है लेकिन छात्राओं के प्रवेश वाले दिनों में छात्रों के साथ ही बाहरी तत्व हुड़दंग मचा रहे हैं। शिक्षक संगठन फुग्टा ने हुड़दंग जारी रहने पर 3 अगस्त को प्रवेश प्रक्रिया ठप रखने की बात कही है।
प्रवेश प्रक्रिया में किसी प्रकार की अव्यवस्था न फैले, इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने सोमवार, मंगल और बुधवार छात्रों को तो बृहस्पतिवार, शुक्र और शनिवार को छात्राओं को प्रवेश देने की व्यवस्था की है। छात्रों के प्रवेश वाले दिन तो कॉलेज में शांति बनी रहती है लेकिन छात्राओं के प्रवेश वाली तिथियों को छात्रों का हुजूम कॉलेज में जमा हो जाता है।
फुग्टा की स्थानीय इकाई के अध्यक्ष डा. अजय शुक्ल ने कहा कि छात्राओं के प्रवेश वाली तिथियों को अनावश्यक रूप से कॉलेज में छात्रों का जमावड़ा लगा रहता है। यदि शनिवार को भी यही हाल रहा तो प्रवेश प्रक्रिया ठप रखी जाएगी। हुड़दंगियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।
