लाखों की धोखाधड़ी मामले में शिक्षिका निलंबित

लाखों रुपये के घोटाले के मामले में जेल गई शिक्षिका को शिक्षा विभाग ने निलंबित कर दिया है। मामला सरकारी स्कूलों में गरीब बच्चों के कल्याण के लिए ओएनजीसी की ओर से दी गई धनराशि की बंदरबांट का है। सीबीआई जांच में 74 लाख की धोखाधड़ी पकड़ में आई थी।

अदालत में सरेंडर
स्कूलों में बच्चों के लिए ड्रेस, फर्नीचर आदि के लिए ओएनजीसी ने लाखों रुपये की धनराशि दी थी। कुछ स्वयंसेवी संस्थाओं, ओएनजीसी के अधिकारी एवं कुछ शिक्षिकाओं ने मिलीभगत कर इस धनराशि को ठिकाने लगा दिया था। मामला पकड़ में आने के बाद लगभग सभी आरोपी सीबीआई अदालत में सरेंडर कर चुके हैं। इस मामले में आरोपी संकुल समन्वयक जाखन ममता खन्ना के जेल में होने के बावजूद विभागीय अधिकारी बेखबर थे।

शिक्षिका कहां और किस हाल में हैं, विभाग को इसकी जानकारी नहीं थी। बीते दिनों अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद विभाग की नींद टूटी। जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक पदमेंद्र सकलानी का कहना है कि नगर क्षेत्र जाखन की सीआरसी ममता खन्ना के बारे में जानकारी मिलते ही उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया है।

Related posts