मलबा घुसने से नाराज लोगों ने लगाया जाम

घनसाली (टिहरी)। घुत्तू जल विद्युत परियोजना के निर्माण कार्य से दुकानों और घरों में मलबा घुस जाने से गुस्साए लोगों ने घुत्तू-रीह मोटर मार्ग पर चार घंटे तक जाम लगाकर यातायात अवरुद्घ कर दिया। जल्दी ही नाली और सड़क मरम्मत कार्य शुरू न करने पर उन्होंने उग्र अंादोलन की चेतावनी दी।
भिलंगना नदी पर पांच साल पहले भिलंगना हाईड्रो पावर कंपनी ने 24.5 मेगावाट की जल विद्युत परियोजना का निर्माण किया था। इस दौरान कंपनी के वाहनों की आवाजाही से घुत्तू-रीह मोटर मार्ग की नाली और सड़क टूट गई थी। जिससे बाजार और बस्ती में नालियों का पानी तथा मलबा घुस जाता है। पूर्व में भी स्थानीय लोग सड़क और नाली मरम्मत की मांग को लेकर आंदोलन कर चुके हैं। पिछले दिनों भी बाजार और घरों में मलबा घुस गया जिससे आक्रोशित व्यापारी तथा स्थानीय लोगों ने घुत्तू-रीह मोटर मार्ग पर बृहस्पतिवार को दो अलग-अलग स्थानों पर चार घंटे जाम लगाए रखा। प्रदर्शनकारियों में व्यापार मंडल के अध्यक्ष अब्बल सिंह भंडारी, विजय उनियाल, शेर सिंह, राजेंद्र सिंह, जगदीश पैंयूली, मुरलीधर, अरविंद, साजन सिंह आदि शामिल थे। तहसीलदार और कंपनी के अधिकारियों से फोन पर हुई वार्ता के दौरान सकारात्मक आश्वासन मिलने पर जाम खोला गया।

Related posts