
जोशीमठ। लक्ष्मण नदी के जल प्रलय में अपने गांवों को खो चुके भ्यूंडार और पुलना गांवों के 98 प्रभावित परिवारों को तहसील प्रशासन ने कमरे किराए पर लेने के लिए कह दिया है। प्रत्येक परिवार को दो-दो हजार रुपये किराया भी दिया गया है।
पिछले डेढ़ माह से ये प्रभावित ग्रामीण जीएमवीएन के कमरों में रह रहे थे। शुक्रवार को उप जिलाधिकारी एपी बाजपेयी ने प्रभावित परिवारों को जीएमवीएन छोड़कर किराए के भवनों पर रहने की अनुमति दी। तहसील प्रशासन ने प्रत्येक परिवार को 15 किलो आटा, इतना ही चावल, तीन किलो दाल, पांच किलो चीनी, दो किलो तेल और मसाले दिए। एसडीएम बाजपेयी ने बताया कि प्रभावितों को शीघ्र ही पांच माह का अतिरिक्त किराया दे दिया जाएगा। पांडुकेश्वर और गोविंदघाट के प्रभावित परिवारों को भी शीघ्र ही किराए के भवनों पर भेज दिया जाएगा।
