
टनकपुर। पर्वतीय क्षेत्र में बारिश से शारदा का जल स्तर फिर बढ़ने लगा है। शुक्रवार दोपहर जलस्तर बढ़कर 95 हजार क्यूसेक से अधिक पहुंच गया था। नदी के बढ़ते जल स्तर से हनुमानगढ़ी और शारदा चुंगी कालोनी में कटाव की आशंका से लोग चिंतित हैं।
भारत-नेपाल सीमा पर प्रवाहित शारदा नदी का जलस्तर पर्वतीय क्षेत्र की बारिश पर निर्भर है। पहाड़ की बारिश से नदी का जल स्तर भी बढ़ने लगता है। आबादी की ओर खिसकी शारदा ने इस बार हनुमानगढ़ी और शारदा चुंगी कालोनी क्षेत्र में जमकर तबाई मचाई है। बृहस्पतिवार को पर्वतीय क्षेत्र में हुई बारिश से शारदा का जलस्तर बढ़ा है। बनबसा बैराज कंट्रोल रूम के मुताबिक शुक्रवार दोपहर 12 बजे नदी का जल स्तर 88 हजार क्यूसेक था, जो दोपहर ढाई बजे से बढ़ना शुरू हुआ। शाम चार बजे नदी का जलस्तर 95 हजार क्यूसेक से अधिक पहुंच गया था। बैराज कंट्रोल रूम ने जलस्तर और बढ़ने की आशंका जताई है।
