
रानीखेत। रानीखेत के विधायक और नेता प्रतिपक्ष अजय भट्ट ने यहां लोनिवि विश्राम गृह में अधिकारियों की बैठक लेकर विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से जनता की समस्याओं का तत्काल निदान करने को कहा। समाज कल्याण अधिकारियों को दूरभाष पर पेंशनरों की समस्याओं के शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने पेयजल निगम के अधिकारियों से भुजान-रानीखेत पेयजल योजना की स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।
नेता प्रतिपक्ष श्री भट्ट ने कहा कि जनता की समस्याओं का निराकरण करना अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विधवा, विकलांग और वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायतें मिल रही हैं। समाज कल्याण अधिकारी को उन्होंने इस बारे दूरभाष पर निर्देश दिए। लोनिवि अधिकारियों से उन्होंने सड़कों की स्थिति पूछी। श्री भट्ट ने विकास खंड के अधिकारियों से ब्लाक की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। पेयजल निगम के अधिकारियों ने नेता प्रतिपक्ष को बताया कि गगास-चिलियानौला पेयजल पंपिंग योजना में दीवार का कार्य बारिश के चलते रुका हुआ है। यह काम सितंबर-अक्तूबर में शुरू होगा। श्री भट्ट ने भुजान-रानीखेत की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में राजस्व, वन, सिंचाई, विद्युत, ब्लाक, जल निगम, जल संस्थान के अधिकारियों के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष मदन सिंह मेहरा, मंडल अध्यक्ष ध्यान सिंह नेगी, धन सिंह रावत, जिला महामंत्री दर्शन बिष्ट, नगर अध्यक्ष चंदन भगत सहित तमाम लोग मौजूद थे।
