
मंडी। जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग मंडी की ओर से पंचायत युवा क्रीड़ा तथा खेल अभियान के अंतर्गत खंड स्तरीय ट्रायल और जिला स्तरीय महिला खेलाें का कैलेंडर जारी कर दिया गया है। खंड स्तर पर आयोजित ट्रायल एवं खेलाें के आधार पर ही जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिता के लिए महिला खिलाड़ियाें का चयन किया जाएगा। जिलास्तरीय ग्रामीण खेलें 29-31 अगस्त जबकि जिला स्तरीय खेलें 23-24 सितंबर को पड्डल मैदान मंडी में हाेंगी।
खंडवार खेलें 12 अगस्त से शुरू होंगी। 12 अगस्त को गोपालपुर खंड की राजकीय वमापा टिक्कर, 14 अगस्त को धर्मपुर खंड की राजकीय कालेज धर्मपुर एवं चौंतड़ा खंड की रावमापा चौंतड़ा, 16 अगस्त को सराज खंड की रावमापा जंजैहली, द्रंग खंड की रावमापा पधर एवं गोहर खंड की रावमापा गोहर, बल्ह खंड की 19 अगस्त को सीसे स्कूल गागल, करसोग खंड की 20 अगस्त को रावमापा पधर एवं सुंदरनगर खंड की सीसे स्कूल सुंदरनगर जबकि सदर खंड की 22 अगस्त को पड्डल स्टेडियम मंडी में खेल प्रतियोगिताएं होंगी। खंड स्तर पर वालीबाल, कबड्डी, बैडमिंटन, बास्केटबाल, खो-खो, हॉकी, टेबल टेनिस, हैंडबाल सहित एथलेटिक्स के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इधर, जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी मंडी पीएस नेगी ने बताया कि ब्लॉक स्तर पर केवल 25 वर्ष से कम उम्र की महिला खिलाड़ियाें का ही ट्रायल लिया जाएगा। खंड स्तर पर खिलाड़ियों के लिए अल्पाहार का प्रबंध विभाग के बजटानुसार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त किसी भी तरह का दैनिक एवं यात्रा भत्ता प्रदान नहीं किया जाएगा।
