
बिलासपुर। बिलासपुर के एक शख्स को 25 लाख रुपये पाने का लालच महंगा पड़ गया। मोबाइल फोन पर 25 लाख रुपये की लाटरी निकलने का मैसेज मिलने पर व्यक्ति फूला नहीं समाया। फोन करने पर बैंक खाता में पैसे जमा करने का कहा तो व्यक्ति 17200 रुपये गंवा बैठा। लाटरी निकलने के पैसे लेने की बात आई तो पता चला कि मैसेज फ्राड था। व्यक्ति ने बिलासपुर थाना में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भादंसं की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
बिलासपुर के एक शख्स को मोबाइल पर मैसेज आया कि उसे 25 लाख रुपये की लाटरी लगी है। इसके लिए उसे कुछ रुपये पहले जमा करवाने होंगे। युवक ने बाकायदा 17200 रुपये खाते में जमा भी करवाए। इसके बाद पुन: मैसेज वाले नंबर पर संपर्क किया गया तो 15 हजार रुपये की और डिमांड आई। पुलिस के मुताबिक जिस खाते में पैसे जमा हुए वह उड़ीसा का बताया जा रहा है। उड़ीसा पुलिस की मदद भी ली जा रही है। इस तरह का यह पहला मामला नहीं है। एसपी कपिल शर्मा ने बताया कि मोबाइल पर आने वाले अनजान नंबरों से सावधान ही रहे तो बेहतर है। उन्होंने अपील की है कि ऐसे प्रलोभनों में न फंसे।
