भरती के नाम पर ठगने वाला फर्जी कैप्टन धरा

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। फौज में भरती कराने के नाम पर युवकों से हजारों रुपये ठगने के आरोप में एक फर्जी कैप्टन को देहरा पुलिस प्रोडक्शन वारंट पर कुल्लू से लाई है। आरोपी पर उपमंडल देहरा के गांव हार मिट्टां में एक युवक से फौज में भरती कराने के नाम पर करीब 80 हजार रुपये ठगने के आरोप में थाना देहरा में मामला दर्ज है। आरोपी युवक विनोद कुमार निवासी बदमाणा (चिंतपूर्णी) का रहने वाला है तथा उसने बीसीए का कोर्स किया हुआ है।
जानकारी के अनुसार आरोपी बेरोजगार युवकों से खुद को आर्मी का कैप्टन बताता था। इससे बेरोजगार युवक आसानी से उसके झांसे में आ जाते थे। बताया जा रहा है कि आरोपी पर इलाके के दो-तीन और युवकों से ठगी का आरोप है। आरोपी विनोद कुमार ने कुल्लू में भी एक युवक से दोस्ती करके उसे खुद को आर्मी का कैप्टन बताया तथा उसे भी फौज में भरती होने का लालच दिया। एडवांस के तौर पर उसने 20 हजार रुपये दे दिए। शेष 20 हजार भरती होने के बाद देेने की बात हुई। लेकिन आरोपी ने कुल्लू के युवक को काफी समय तक भरती नहीं कराया तो उसने इसकी शिकायत पुलिस में कर दी। कुल्लू पुलिस ने आरोपी को 18 जुलाई को पकड़ लिया। इसके बाद देहरा पुलिस उसे प्रोडक्शन वारंट पर देहरा ले आई है। डीएसपी बीडी भाटिया ने बताया कि पुलिस आरोपी को प्रोडक्टशन वारंट पर कुल्लू पुलिस से लाई है। मामले की जांच पुलिस कर रही है।

Related posts