
नूरपुर (कांगड़ा)। प्रदेश में भारी बारिश के चलते पौंग बांध का जलस्तर फ्लड गेट तक पहुंच गया है। हालांकि बीबीएमबी के अधिकारियों का मानना है कि पौंग बांध की अधिकतम भंडारण क्षमता को देखते हुए कोई खतरा नहीं है। हालांकि, शुक्रवार को पौंग बांध में 48,160 क्यूसिक पानी की आमद के साथ पानी का स्तर 1365.16 फुट पहुंच गया। पिछले साल इसी दिन पौंग जलाशय में 55,835 फुट पानी की आमद के साथ जलस्तर 1307.74 फुट दर्ज किया गया था। जो पौंग बांध के मौजूदा जलस्तर से 57.42 फुट ज्यादा है।
पौंग बांध में अधिकतम 1390 फुट तक पानी भरा जा सकता है। बावजूद इसके पौंग बांध में लगातार बढ़ते पानी के स्तर को देखते हुए बीते तीन दिनों से बांध से अधिक मात्रा में पानी छोड़ने का सिलसिला जारी है। शुक्रवार को पौंग बांध से मुकेरियां हाइडल नहर में 11,500 क्यूसिक पानी छोड़ा गया। जबकि शाहनहर बैराज से पंजाब की नहरों में क्रमश: 4500 व 2500 क्यूसिक पानी छोड़ा जा रहा है। बहरहाल, पौंग बांध का जलस्तर ज्यादा बढ़ने की सूरत में क्षमता से अधिक पानी की सुरक्षित निकासी के लिए बीबीएमबी प्रबंधन व प्रशासन मुस्तैद हैं। पौंग के जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी पर बीबीएम प्रबंधन पैनी निगाह रखे हुए है। फिलहाल बीबीएमबी की तरफ से अभी निचले इलाकों में पानी छोड़ने की किसी भी संभावना से इंकार किया जा रहा है। वहीं, एसडीएम नूरपुर अश्वनी सूद ने बताया कि बीबीएमबी की तरफ से पानी छोड़ने की कोई अधिकारिक सूचना नहीं है। बांध से निचले इलाकों में पानी की सुरक्षित निकासी के लिए 24 घंटे पहले अलर्ट जारी किया जाता है।
जलस्तर में रोजाना औसत एक फुट का इजाफा
बारिश से हर दिन पौंग झील का जलस्तर औसत एक फुट तक बढ़ रहा है। पिछले एक सप्ताह में पौंग बांध में 2 लाख 58 हजार 480 क्यूसिक पानी की आमद दर्ज की गई। इस दौरान पौंग का जलस्तर 1360.75 से बढ़कर अब 1365.16 फुट तक पहुंच गया है। जबकि बीते जुलाई माह में पौंग झील के जलस्तर में करीब 37.28 फुट की बढ़ौतरी दर्ज की गई। जो पिछले साल के मुकाबले 23.70 फुट ज्यादा है।
जुलाई में 153 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन
पौंग बांध में पानी की आमद बढ़ने से विद्युत उत्पादन में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते जुलाई माह में पौंग बांध में 153 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन रिकार्ड किया गया। जो जून माह से 95 मिलियन यूनिट ज्यादा है। जबकि बीते जून माह में 58 मिलियन और मई में 59 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन दर्ज किया गया था। हालांकि, जुलाई 2012 में पौंग बांध में 159 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया गया था।
तारीख इन फ्लो आउट फ्लो जलस्तर बिजली उत्पादन
27 जुलाई 45729 14005 1360.75 65.50
28 जुलाई 25829 14006 1361.20 65.72
29 जुलाई 26878 14004 1361.69 65.68
30 जुलाई 40568 14032 1362.70 70.82
31 जुलाई 36755 16787 1363.46 89.57
01 अगस्त 34561 19060 1364.05 89.64
02 अगस्त 48160 18996 1365.16 –
