बगीचों में फंसा हजारों पेटी सेब

रामपुर बुशहर। निरमंड ब्लॉक में हजारों पेटी सेब बगीचों में फंस गया है। ट्रक न मिलने से बागवान अपना उत्पाद मंडियों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। ट्रक जल्द न मिले तो बागवानों को खासा नुकसान उठाना पड़ेगा। निरमंड ब्लॉक में ट्रकों की किल्लत के चलते इस समय सात से आठ हजार पेटियां सेब बगीचों में फंसी हैं। दाम अच्छे मिले, इसलिए बागवानों ने जल्दी-जल्दी तुड़ान कर पेटियां तैयार कर रखी हैं। लेकिन, प्रशासन की ओर से ट्रकों की उचित व्यवस्था न होने से अब उनकी मेहनत पर पानी फिरने की नौबत आ गई है। ट्रक न मिलने से कारण बागवान सेब की पेटियों को मंडियों तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। मौसम पहले ही खराब चल रहा है। ऐसे में अगर जल्द ट्रकों की व्यवस्था नहीं होती है तो फिर बागवानों को सीधा नुकसान उठाना पड़ेगा। डीम पंचायत प्रधान पूर्ण ठाकुर समेत श्यामलाल, किशोरी लाल, आगर दास, मेला राम, उगम राम, तेजराम, पूर्ण चंद, गब्बर सिंह, देवराज, नीरथ सिंह, अनूप राम डोगरा आदि बागवानों ने सेब सीजन को लेकर किए प्रशासन के इंतजामों को नाकाफी बताया है। उन्होंने कहा कि सेब सीजन के शुरुआत में ही ट्रकों की कमी आने लगी है तो आगे न जाने क्या होगा? उन्होंने कहा कि बागवान अपने स्तर पर ट्रकों का इंतजाम करें तो ट्रक यूनियन रोड़ा अटका रही है। ट्रक यूनियनों पर प्रशासन की कोई लगाम नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि ट्रकों की शीघ्र व्यवस्था की जाए। एसडीएम आनी नीरज गुप्ता का कहना है कि उनके पास ट्रकों की कमी की शिकायत नहीं आई है।

Related posts