बागवानों को शीघ्र दिया जाए मुआवजा : भाजपा

रोहडू। भाजपा मंडल रोहडू की बैठक शुक्रवार को मंडल अध्यक्ष सत्य प्रकाश शुक्ला की अध्यक्षता में हुई। इस दौरान प्रस्ताव पारित कर विशेष रूप से बौंद्रा देवता के चोरों को पकड़ने में सफलता प्राप्त करने पर पुलिस अधीक्षक शिमला अभिषेक दुल्लर को बधाई दी गई। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ता ने विभिन्न समस्याओं को भी उठाया। भाजपा मंडल अध्यक्ष सत्य प्रकाश शुक्ला ने बताया कि देवता बौंद्रा के मंदिर में चोरी के बाद क्षेत्रवासी काफी दुखी थे। पुलिस प्रशासन की मुस्तैदी से चोरों को पकड़ने में सफलता मिली है। इसके लिए पुलिस अधीक्षक शिमला अभिषेक दुल्लर बधाई के पात्र हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष सर्दियों में भारी बर्फबारी और वर्षा के कारण किसानों-बागवानों का काफी नुकसान हुआ है, जिसका अभी तक मुआवजा नहीं दिया गया है। भाजपा की मांग है कि किसानों-बागवानों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए। सब्जी मंडी रोहडू में लग रहे जाम से भी लोगों को परेशानियां का सामना करना पड़ रहा है। मंडी में लग रहे जाम की समस्या का शीघ्र समाधान किया जाए। इसके अतिरिक्त मंडी मध्यस्थता के अंतर्गत लगने वाले सेब के कलेक्शन सेंटरों को भी शीघ्र खोलने की मांग की गई। बैठक में बलदेव बशलवान के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। इस मौके पर मंडल उपाध्यक्ष गिरधारी लाल वर्मा, रोशन लाल बांश्टू, बालक राम नेगी, सुरेश, राजेश भ्रांटा, प्रेमराज, सतपाल, अनित परहेट, राजा मेहता, विनोद मेहता, लेखराज, उत्तम गोई, रमन सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Related posts