एसडीएम के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना

एसडीएम के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना

चंपावत। पुत्र के हत्यारों को पकड़ने की मांग को लेकर पाली ग्राम पंचायत निवासी संतोष राम और उसके परिजनों ने आज एसडीएम के आश्वासन के बाद अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त कर दिया है। एसडीएम प्रत्यूष सिंह ने इस मामले में कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को आरोपियों से कड़ी पूछताछ किए जाने और तीन दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं। बताते चलें कि संतोष राम के पुत्र गोपाल राम का शव गत चार अप्रैल को संदिग्ध परिस्थितियों में तलमट्टा के जंगल में मिला था। तब से उसके परिजन हत्यारों को चिह्नित कर उन्हें पकड़ने की मांग उठाते आ रहे हैं।
इससे पूर्व भी गोपाल राम के परिजन कलक्ट्रेट में धरने में बैठ चुके हैं। गत रविवार से एक बार फिर से गोपाल राम की पत्नी, दो बच्चे और उसके पिता संतोष राम ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिसके बाद प्रशासन ने आज आश्वासन देकर धरना-प्रदर्शन खत्म करवा दिया। संतोष राम का कहना है कि यदि शीघ्र उसकी मांगे पूरी नहीं हुईं तो वह फिर से आंदोलन की राह पकड़ने को विवश होगा।

Related posts