
रुद्रपुर। अटरिया मंदिर और सिडकुल को जाने वाले मार्ग की मरम्मत की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डीएम का घिराव किया। साथ ही ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष हिमांशु गाबा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने डीएम बृजेश कुमार संत का घिराव किया। उन्होंने कहा कि नैनीताल हाईवे से अटरिया और सिडकुल को जाने वाले मार्ग की स्थिति दयनीय हो चुकी है। मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से दुर्घटना का खतरा बना है। उन्होंने कहा कि हाईवे से अटरिया और सिडकुल को जोड़ने वाला यह मार्ग यातायात की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण है। साथ ही जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप समेत दर्जनों बस्तियों के लोग भी इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। यदि मार्ग का चौड़ीकरण कर, मरम्मत की जाए तो यह सिडकुल के लिए बाईपास मार्ग के काम आ सकता है। इससे एनएच पर भी वाहनों का दबाव कम होगा। उन्होंने ज्ञापन सौंपकर मार्ग के सुधारीकरण की मांग की। इस मौके पर जगदीश तनेजा, राजकुमार भुसरी, राकेश वर्मा, मदन खन्ना, प्रभात खुराना, इंद्रजीत सिंह, सुनील जडवानी, विजय कुमार हरि, ललित मिगलानी, मोनू निषाद, सुशील गाबा, विद्याराम, होरी लाल, शिवलाल, सुधीर मिश्रा, ओमप्रकाश आदि मौजूद थे।
