
नई दिल्ली। डीयू में छात्रसंघ के चुनाव की आहट को देखते हुए छात्र नेता परिसर में होर्डिंग और पोस्टर के माध्यम से नए छात्रों को अपने संगठन से जोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है लेकिन ये पोस्टर और होर्डिंग्स पुलिस को खटकने लगी है। दिल्ली पुलिस ने डीयू परिसर को बदरंग करने वालों के खिलाफ मामला दर्ज करना शुरू कर दिया है। पुलिस ने अभी तक दो मामले दर्ज किए हैं। इस मामलों में उन छात्र नेताओं के नाम भी हैं जिनके पोस्टर और होर्डिंग्स हैं। साथ ही पोस्टर और होर्डिंग्स लगाने के आरोप में अभिषेक चौधरी और मनोज कुमार को पकड़ा है। इसके पास से कई होर्डिंग्स और पोस्टर मिला है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टर और होर्डिंग्स में जिन छात्र नेताओं के नाम और फोटो हैं, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि दिल्ली विश्वविद्यालय में नया सत्र शुरू होते ही नॉर्थ कैंपस की दीवारें छात्र संगठनों और छात्र नेताओं के पोस्टरों से पट गई हैं। ये पोस्टर विश्वविद्यालय के आसपास भी लगाए जा रहे हैं। साथ ही छात्र नेता अपने फोटो वाले बड़े होर्डिंग्स भी पोल पर लगवा रहे हैं।
