
नई दिल्ली। आनंद विहार आईएसबीटी के बाहर प्राइवेट बस में लूटपाट की गई। चाकू और तमंचा दिखाकर बदमाशों ने लगभग आधा दर्जन यात्रियों से मोबाइल और कैश लूट लिया। वारदात के बाद सभी भाग निकले। पीड़ितों ने मामले की शिकायत पुलिस से की। मधु विहार थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, मामला रविवार देर रात का है। आनंद विहार बस अड्डे के बाहर प्राइवेट बस का चालक ऋषिकेश और देहरादून जाने के लिए आवाज लगा रहा था। कुछ लोग बस में सवार हो गए। थोड़ी देर बाद बस चली लेकिन कुछ दूर जाकर खराब हो गई। इस पर यात्रियों ने बस चालक से अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए। तभी हथियारबंद कुछ बदमाश बस में घुस गए और उन्होंने सवारियों से लूटपाट शुरू कर दी। बस में मौजूद यात्री अक्षय ने बताया कि उन्हें आशंका है कि बस का स्टाफ बदमाशों से मिला हुआ था। उसने जानबूझकर सवारियों से लूटपाट करवाई है।
