स्पॉट फिक्सिंग: आवाज से खुलेगा फिक्सिंग का राज!

स्पॉट फिक्सिंग: आवाज से खुलेगा फिक्सिंग का राज!

नई दिल्ली: आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग केस में गिरफ्तार क्रिकेटर अजीत चंदीला और अंकित चव्हाण की आवाजों का मिलान पुलिस के पास मौजूद फोन इंटरसेप्शन से हो गया है। टिंकू मंडी समेत बाकी सटोरियों की आवाजों का मिलान भी फॉरेंसिकजांच में हो गया है। दिल्ली पुलिस माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम के खिलाफ मामला दर्ज करेगी।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस के पास दाऊद के कई साथियों के फोन की टैपिंग है, जिससे ये साफ होता है कि आईपीएल की स्पॉट फिक्सिंग में दाऊद सीधे-सीधे जुड़ा था। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग केस में चार्जशीट मंगलवार को साकेत कोर्ट में पेश करेगी। स्पेशल सेल ने कोर्ट की इजाजत लेकर चंदीला, चव्हाण और उनसे डीलिंग के आरोपी बुकीज के वॉइस सैंपल सीबीआई की लोदी रोड स्थित सेंट्रल फॉरेंसिक लैब में रिकॉर्ड कराए थे।

इन दोनों खिलाडिय़ों और बुकीज के बीच फोन पर हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग का मिलान इनके वॉइस सैंपल से कराया गया था। स्पेशल सेल के एक सीनियर अफसर ने बताया कि सीएफएसएल की रिपोर्ट मिल गई है। इस रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों क्रिकेटरों समेत इन सभी अभियुक्तों के सैंपल का मिलान फोन इंटरसेप्शन में इनकी आवाजों से हो गया है। स्पेशल सेल मंगलवार को साकेत कोर्ट की स्पेशल जज (मकोका) रेणु भटनागर की अदालत में चार्जशीट के साथ सीफएसएल की यह रिपोर्ट भी कोर्ट में दायर करेगी।

पुलिस अफसर मान रहे हैं कि फॉरेंसिक रिपोर्ट मुलजिमों के खिलाफ केस को साबित करने में मददगार होगी। पुलिस केस के मुताबिक, स्पॉट फिक्सिंग करने के बारे में बुकीज के साथ फोन पर श्रीसंथ की बातचीत नहीं हुई थी। श्रीसंथ के बारे में चंदीला ने डीलिंग की थी। इस केस में 29 मुलजिम गिरफ्तार हो चुके हैं, जिनमें 17 की जमानत हो चुकी है और 12 जेल में बंद हैं। चंदीला और बुकी रमेश व्यास समेत जेल में बंद सात मुलजिमों की बेल एप्लिकेशन अदालत में पेंडिंग है। 10 मुलजिम वॉन्टेड हैं।

चार्जशीट में पुलिस ने वॉन्टेड अभियुक्तों में अंडरर्वल्ड डॉन दाऊद इब्राहीम, छोटा शकील और ‘डी कंपनी’ की ओर से बेटिंग के इंचार्ज जावेद चुटानी को शामिल किया है। पुलिस ने चार्जशीट में दावा किया है कि दाऊद आईपीएल मैचों में स्पॉट फिक्सिंग की डिटेल पर खुद नजर रखता था।

Related posts