66 डिपुओं में चीनी नहीं पहुंची

तीसा (चंबा)। उपमंडल तीसा में सस्ते राशन के डिपुओं में तीन महीने से चीनी नहीं मिल रही है। इस कारण उपभोक्ताओं को बाजार से महंगे दामों पर चीनी खरीदनी पड़ रही है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक तीसा की 47 पंचायतों में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के कुल 66 डिपो हैं। इन डिपुओं में हजारों राशन कार्ड धारक चीनी व अन्य राशन प्राप्त करते हैं लेकिन सस्ते राशन के डिपुओं में तीन महीने से चीनी नहीं मिल रही है। इस कारण उपभोक्ताओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी राकेश कुमार, विजय, विपन, नरेंद्र कुमार, सूरज, होशियार सिंह, टेक चंद, विनय कुमार, रूप लाल, हेम सिंह, दिनेश शर्मा, मखौली राम, प्यार चंद और विजय सिंह ने बताया कि सस्ते राशन के डिपुओं में चीनी न मिलने के कारण शादी समारोहाें के लिए भी उन्हें बाजार से 40 से 50 रुपये प्रति किलो के हिसाब से चीनी खरीदनी पड़ रही है। इस कारण उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से मांग की है कि डिपुओं में जल्द चीनी की सप्लाई दी जाए।
इस संदर्भ में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के प्रभारी अजय कौंडल ने बताया कि मीलों से चीनी नहीं पहुंची है। उन्होंने कहा कि चीनी के लिए डिमांड भेजी गई है जैसे ही सप्लाई आएगी लोगों को चीनी मुहैया करवा दी जाएगी।
इंसेट………
चीनी के अलावा तीसा के कुछ डिपुओं में पिछले दो महीने से दालें गायब हैं। डिपुओं में दालें न मिलने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राशनकार्ड धारक रोज-रोज डिपो के चक्कर काट रहे हैं लेकिन उन्हें दालें नहीं मिल रही हैं।

Related posts