बालीवुड फिल्मों में गुंजेगी राजीव थापा की आवाज

चंबा। छोटे पर्दे की चर्चित संगीत प्रतियोगिता सारेगामा से प्रदेश का नाम रोशन करने वाले चंबा के राजीव थापा अब संगीत की दुनिया में राजीव चंबा के नाम से जाने जाते हैं। उन्होंने अपना नाम बदलकर राजीव चंबा रख लिया है। उनके जल्द ही बालीवुड की दो फिल्मों में दो गाने आने वाले हैं।
उन्होंने बताया कि इस्माइल दरबार म्यूजिक तले दो गाने रिकार्ड किए गए हैं। इन गानों की रिकार्डिंग सुब्रत राय सहारा के मुंबई स्थित स्टूडियो में हुई है। इन दो गानों का चयन बालीवुड फिल्मों के लिए किया गया है। नवंबर माह में फिल्में रिलीज हो सकती हैं। उनका मुंबई में वियोम नामक अपना बैंड है। उनके बैंड ने हाल ही में एक 10 मिश्रित गीतों की एलबम बनाई है। इसमें दो हिमाचली, दो नेपाली, दो गुजराती गाने शामिल हैं। इसकी जल्द लांचिंग की जाएगी। गायकी के क्षेत्र में नाम कमाने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ता है। संगीत की दुनिया में ऐसे भी सिंगर हैं, जिन्हें लगातार 20 वर्षों की मेहनत के बाद सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि वे पिछले आठ वर्षों से संगीत सीख रहे और कार्यक्रमों में परफार्म कर रहे हैं। वे अब तक अमेरिका, कनाडा, हांगकांग में अपने कार्यक्रम पेश कर चुके हैं। राजीव चंबा ने बताया कि उनका 20 अगस्त को कज्जाकिस्तान में कार्यक्रम प्रस्तावित है। गायकी के क्षेत्र में कैरियर बनाने के लिए कड़ी मेहनत काफी मायने रखती है। बिना मेहनत के मंजिल को प्राप्त करना बेहद मुश्किल है। एक कलाकार की दुनिया में बुरा वक्त भी आता है, बुरे वक्त में कठिन मेहनत करने से पीछे नहीं हटना चाहिए। राजीव ने चंबा वासियों व अमीन मलिक का भरपूर प्यार देने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया है।

Related posts